अलीगढ़ के इस्लाम नगर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। महिला के पति की कई साल पहले मृत्यु हो चुकी थी। महिला की तबियत भी खराब रहती थी, जिससे उनका जीवन बसर करना मुश्किल हो रहा था। परिवार ने अवसाद में विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
अलीगढ़ में थाना कोतवाली नगर के इस्लाम नगर में एक मकान के अंदर मां और दो बेटियों के शव पड़े हुए थे, परिवार के मुखिया की मौत पहले ही हो चुकी थी। मां और दोनों बेटियों का गरीबी के कारण जीवन यापन मुश्किल हो गया था। तीनों ने रोटी की चिंता में जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
विज्ञापन
इस्लाम नगर की 16 फुटा रोड निवासी 55 वर्षीय नगीना के पति की बीते कुछ वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मौत हो गई थी। नगीना पर 9 लड़कियां थीं। 2 बेटियों की बचपन में व एक बेटी कुछ बड़ी होने के बाद, यानी कि तीन बेटियों की पहले ही मौत हो चुकी थी। नगीना पर 6 बेटियां जीवित थीं। जिनमें से अब तक 4 बेटियों की पति के रहते हुए शादी हो चुकी थी। फिलहाल नगीना के साथ करीब 17 वर्षीय बानो व 19 वर्षीय पाकी साथ में ही रह रही थीं।
लेकिन, पति के गुजर जाने के बाद से घर में कोई कमाने वाला नहीं बचा था। इधर नगीना गंभीर बीमारी से ग्रषित हो गई। नगीना की दोनों जवान बेटियां कारखाने में काम करके परिवार का भरण पोषण बमुश्किल कर पा रहीं थी। नगीना का आर्थिक तंगी के कारण उपचार नहीं हो पा रहा था। परिजनों व स्थानीय लोगों के अनुमान के अनुसार आर्थिक तंगी से जूझ रही दोनों बेटियों व बुजुर्ग माँ ने जहर ख़ाकर आत्महत्या कर ली।
विज्ञापन
थाना प्रभारी कोतवाली ने बताया कि मृतका नगीना नशा आदि करती थी, जिससे उसकी तबीयत अत्यधिक खराब रहती थी। अत्यधिक तबीयत खराब रहने के कारण नगीना ने परेशान होकर स्वयं व अपनी दोनों पुत्रियों को खाने में विशाल विषैला पदार्थ खिला दिया । जिसके कारण तीनों की मौत हो गई।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि बुधवार देर रात इस्लाम नगर के एक मकान में एक ही परिवार के तीन लोगों के आत्महत्या की खबर मिली। पुलिस मौके पर पहुंची, वहां पर नगीना नामक महिला और उसकी दो बेटियों द्वारा आत्महत्या करने की घटना तस्दीक किया गया। लोगों ने बताया कि महिला के पति की कई साल पहले मृत्यु हो चुकी थी। महिला की तबियत भी खराब रहती थी, जिससे उनका जीवन बसर का मुश्किल हो रहा था। परिवार अवसाद में था, इसलिए विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या का कदम उठाया गया। पुलिस को घटनास्थल से पॉलिथिन में एक संदिग्ध पदार्थ मिला है। शवों को मोर्चरी भेजा गया है अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बारे में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।