कोतवाली क्षेत्र में गौमत-बाजना रोड पर सपना फार्म हाउस के सामने बुधवार को सुबह दस बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पशु व्यापारी पिता-पुत्र में टक्कर मार दी। घायलों को राहगीरों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर घायलों को जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया। रास्ते में पुत्र की मौत हो गई वहीं कुछ देर बाद जिला अस्पताल पहुंचते समय पिता ने भी दम तोड़ दिया।मृतकों की पहचान खुर्जा तहसील के गांव बघराई निवासी वेदपाल (45) और उसके पिता अतर सिंह (75) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्र पशु व्यापारी थे और खुर्जा से बाजना स्थित पशु पैठ में जा रहे थे। सूचना पाकर परिजन अलीगढ़ पहुंच गए। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शवों को अपने पैतृक गांव ले गए, जहां दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
खैर इंस्पेक्टर संजीव कुमार का कहना है कि दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कार ड्राइवर को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मृतकों के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।