तहसील क्षेत्र के गांव रामपुर-शाहपुर में बुधवार को एसडीएम हरिश्चंद्र के नेतृत्व में राजस्व टीम ने अभियान चलाकर 71 बीघा सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया। एसडीएम ने बताया कि रामपुर-शाहपुर में गाटा संख्या 171 रकबा 0.323, गाटा संख्या 503 रकबा 9.492 हेक्टेयर सरकारी अभिलेखों में बंजर के रूप में दर्ज है, जबकि गाटा संख्या 111 रकबा 5.213 चारागाह, गाटा संख्या 207 भूमि कब्रिस्तान में दर्ज हैं। इन सभी सरकारी जमीनों पर ग्रामीणों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। जिस पर पिछले कई दिनों से राजस्व टीम पैमाइश कर रही थी। बुधवार को चारों गाटा की कुल 71.5 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया है। एसडीएम ने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।