यूक्रेन पर रूस के हमले से शहर के निर्यातकों एवं कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। करोड़ों का कारोबार प्रभावित होने की आशंका है। रूस एवं यूक्रेन के साथ ही यूरोपीय देशों में अलीगढ़ से ताला एवं हार्डवेयर का निर्यात होता है। वहां से आयात भी होता है। अलीगढ़ एक्सपोर्ट एसोसिएशन के सचिव ई. दिनेश चंद्र वार्ष्णेय का कहना है कि रूस के हमले से निर्यातक चिंतित हैं।
रूस एवं यूक्रेन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हार्डवेयर का निर्यात होता है। तनाव बढ़ने से न सिर्फ रूस एवं यूक्रेन बल्कि यूरोप एवं अन्य देशों से भी व्यापार प्रभावित होगा। हमले के बाद सोने एवं चांदी के रेट बढ़ने लगे हैं। अन्य चीजों के भाव बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। शेयर बाजार से जुड़े लोगों का कहना है कि हमले के बाद शेयर बाजार में हलचल से अलीगढ़ के निवेशकों को करोड़ों में नुकसान होने का अनुमान है। तालानगरी औद्योगिक विकास एसोसिएशन के महामंत्री सुनील दत्ता ने कहा कि कोरोना खत्म नहीं हुआ कि नया संकट सिर पर है। इससे अंतरराष्ट्रीय कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रूस भारत का बहुत बड़ा व्यापारिक साझीदार है।