आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदेश मंत्री बलदेव चौधरी सीटू, अमित गोस्वामी।
- फोटो : CITY OFFICE
डीएस कॉलेज में मंगलवार को एक छात्र का सिर फोड़ने वाले हमलावरों की पहचान कर ली गई है। बुधवार को इस घटना की जानकारी करने सीओ मोहसिन खान, थानाध्यक्ष गांधीपार्क, अचल ताल चौकी प्रभारी कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने प्राचार्य व प्रॉक्टोरियल टीम के साथ घटना के संबंध में बातचीत की।
मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे कुछ बाहरी युवक कॉलेज परिसर में घुस आए थे। लाइब्रेरी के लॉन में पढ़ाई कर रहे बीकॉम तृतीय वर्ष के छात्र अभिषेक वार्ष्णेय व अन्य छात्रों के साथ इन युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। इसमें अभिषेक का सिर फट गया। इसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता कॉलेज पहुंच गए। उन्होेंने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्राचार्य कक्ष में उनकी अनुपस्थिति पर कुर्सी पर महात्मा गांधी की तस्वीर रखकर प्राचार्य को सद्बुद्धि देने व मुख्य अनुशासन अधिकारी को हटाने की मांग की।
परिषद के कार्यकर्ताओं ने हमलावरों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की धमकी दी थी। इसी क्रम में कॉलेज पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्राचार्य व प्रॉक्टोरियल टीम के साथ बैठक करके इस तरह घटना पुनरावृत्ति न होने पर चर्चा की। साथ ही कार्यशाला की भी बात हुई, जिसमें पुलिस व विद्यार्थियों के बीच समन्वय स्थापित हो सके। मुख्य अनुशासन अधिकारी डॉ. मुकेश भारद्वाज ने बताया कि हमलावरों की पहचान हो चुकी है। उन्होेंने कहा कि हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, परिषद के प्रदेश महामंत्री बलदेव चौधरी सीटू ने पुलिस अधिकारियों से भेंट करके सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। सीटू ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।