डॉ. अबू फहद। अमर उजाला
- फोटो : samvad
जेएन मेडिकल कॉलेज के कार्डियोथोरेसिक सर्जरी विभाग में क्लीनिकल रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत डॉ. अबू फहद ने सुपर स्पेशलिटी प्रवेश परीक्षा में देशभर में पहली रैंक हासिल की है। अब वह एम्स दिल्ली में कार्डियोथोरेसिक सर्जरी में सुपर स्पेशलिटी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
डॉ. फहद ने अपनी एमबीबीएस और एमएस की पढ़ाई जेएन मेडिकल कॉलेज से पूरी की है। देशभर में कार्डियोथोरेसिक सर्जरी की उपलब्ध 19 सीटों के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा में उन्होंने शीर्ष स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
अपनी सफलता पर डॉ. फहद ने जेएन मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक एवं शिक्षक प्रो. मोहम्मद हसीन आजम तथा उनकी टीम का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग ने इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. फहद के पिता डॉ. अबू तारिक, एएमयू के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर हैं। बेटे की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं उनके पैतृक गांव बंदीघाट, जनपद मऊ में भी जश्न मनाया गया।
उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष शमशाद निसार आजमी ने भी डॉ. फहद के आवास पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।