शहर की सड़कों पर हो रहे गड्ढों से हर दिन दो-चार हो रही जनता के साथ ही बुधवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे. भी इस समस्या से जूझीं। इतना ही नहीं, उनको जाम की समस्या, जल निकासी की समस्या से भी जूझना पड़ा। इस पर उन्होंने शाम को आवास स्थित कैंप कार्यालय पर जिम्मेदार अधिकारियों को बुलाकर कड़ी फटकार लगाई और समस्याओं के निस्तारण के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने बुधवार को अलीगढ़ शहर की जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, जाम की समस्या, स्मार्ट सिटी के कार्यों को परखने के लिए बुधवार दोपहर धनीपुर रोड, एटा बाईपास, बौनेर, जीटी रोड, आगरा रोड से लेकर गभाना टोल तक सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनको एनएच 91 और 93 के जंक्शन चौराहा पर स्लिप रोड पर जलभराव, क्षतिग्रस्त की समस्या का सामना करना पड़ा। इसके अलावा जाम और शहर की सड़कों के किनारे हो रहे जलभराव की समस्या भी देखने में आई।
इस पर उन्होंने शाम को कैंप कार्यालय पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ ही उपाध्यक्ष अलीगढ़ विकास प्राधिकरण, नगर आयुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी नगर समेत लोक निर्माण और जल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें एनएचएआई एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को शहर के अंदर एवं बाहर क्षेत्र में बने राष्ट्रीय राजमार्ग के सड़कों के गड्ढों को लेकर फटकार लगाई। जल निकासी के लिए ठोस काम करने के आदेश दिए । नगर निगम एवं जल निगम को शहर के भीतर जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए जाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को याद दिलाया कि शासन द्वारा इस विभाग को सड़कों के गड्ढा मुक्त करने के लिए नोडल बनाया गया है, विभागीय अधिकारी अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर सड़कों की दशा को सुधारने पर काम करें। बजट न होने पर शासन को प्रस्ताव भेजा जाए। जनता को इस समस्या से मुक्ति दिलाई जाए।