यूजीसी के नए नियम और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में कंचन नगर स्थित आवास के बाहर राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल और आसपास भारी पुलिस बल व पीएसी तैनात रही। पुलिस प्रशासन ने उनसे मिलने आने वाले लोगों को रोक दिया।
पंकज धवरैया ने यह धरना उस समय शुरू किया था, जब सवर्ण परिषद व अन्य संगठनों की हाथरस से दिल्ली तक प्रस्तावित पदयात्रा को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों को नजरबंद भी किया गया था।
धरने के पहले दिन निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री भी शामिल हुए थे। पंकज ने कहा कि उनका धरना 12 फरवरी तक जारी रहेगा, जिसके बाद वह आमरण अनशन पर बैठेंगे। उन्होंने मांग की कि प्रशासन या तो पदयात्रा की अनुमति दे या प्रधानमंत्री से मुलाकात कराई जाए, ताकि वे अपनी मांगें रख सकें। संवाद