अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को थाना मडराक क्षेत्र के चिरौलिया में पांच भूखंडों की नींव व दीवार को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।
एडीए वीसी गौरांग राठी ने बताया कि गांव चिरौलिया-दाऊद खां स्टेशन के पास करीब 15 बीघा जमीन पर रामगोपाल आदि के स्तर से मैक्स सिटी के नाम से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। अवैध कॉलोनी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत ध्वस्तीकरण का आदेश जारी हुआ था। पुलिस, पीएसी व प्रशासनिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कॉलोनी के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई। यहां तीन पक्की सड़कों को तीन स्थानों से काटा गया। मुख्य द्वार को गिराने के साथ ही पांच भूखंडों की नींव, दो पार्कों की दीवार को ध्वस्त कर दिया गया।
एडीए वीसी ने बताया कि बिल्डर, कॉलोनाइजर ले-आउट प्लान किसी भी कार्य दिवस एवं विशेष समाधान दिवस में उपस्थित होकर व आवेदन देकर स्वीकृत करा सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना स्वीकृत ले-आउट प्लान के किसी भी कॉलोनी में भूमि का क्रय-विक्रय न करें।