हरदुआगंज क्षेत्र की बीकॉम की छात्रा किशोरी प्यार में धोखे का शिकार हो गई। उसकी हत्या कर उसका शव छर्रा अड्डे के पास रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। हालांकि शव सोमवार सुबह ट्रैक पर पड़ा मिला। मगर, उस समय तक पहचान न हो पाने के कारण शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया। इधर, रविवार दोपहर से लापता बेटी को खोजते हुए सोमवार देर रात पहुंचे परिवार ने शव पहचान लिया और किशोरी के प्रेमी सहित तीन युवकों के खिलाफ प्यार में धोखा देकर अपहरण के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अब मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
वाकया इस तरह है कि हरदुआगंज क्षेत्र के एक किसान परिवार की करीब 17 वर्षीय किशोरी क्षेत्र के ही निजी कॉलेज से बीकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। रविवार दोपहर करीब एक बजे घर से अलीगढ़ जाने की कहकर निकली थी। इसके बाद रात में वह नहीं लौटी तो परिवार ने खोजबीन शुरू कर दी। सोमवार सुबह सात बजे गांधीपार्क क्षेत्र में छर्रा अड्डा पुल के अज्ञात किशोरी का शव मिला। देखने से लग रहा था कि वह ट्रेन से कटी है। पुलिस ने पहचान न होने पर शव मोरचरी में रखवा दिया था। इसी बीच देर रात हरदुआगंज से लापता किशोरी के परिजन गांधीपार्क पहुंचे, जहां उन्होंने फोटो व कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान अपनी बेटी के रूप में कर ली।
साथ में बेटी के प्रेमी व उसके दो दोस्तों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर गाधीपार्क हरिभान सिंह राठौर के अनुसार सोमवार देर रात मिली तहरीर पर अपहरण व हत्या आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आगे पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। परिवार ने जो आरोप लगाए हैं, उनको जांच में तस्दीक किया जाएगा।
लापता किशोरी के परिवार से मांग रहे थे पांच लाख रुपये
किशोरी के पिता की ओर से बेटी के प्रेमी संकेत निवासी भटौला, उसके दोस्त राहुल निवासी निधौला व एक अन्य हिमांशु के खिलाफ तहरीर देकर अपहरण व हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमे में आरोप हैं कि संकेत ने उनकी बेटी से शादी के नाम पर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसके दोस्त भी उसके साथ संबंध बनाना चाहते थे। जिसे लेकर वह घर में परेशान रहने लगी थी। उसे तीनों युवक फोन करके तंग करते थे। यह बात उसने अपनी मां को बताई थी। मगर मां ने लोकलाज के भय से किसी को कुछ नहीं बताया। अब बेटी के गायब होने पर यह बात बताई।
इसके अलावा बेटी के गायब होने के बाद खोजने पर यह भी पता चला कि गांव के बाहर से तीनों युवक उसे बाइक पर बैठाकर ले गए। रात में जब उनके नंबरों पर फोन किए तो उन्होंने यह धमकी दी थी कि अगर बेटी को वापस पाना चाहते हो तो या तो पांच लाख रुपये लाकर दे दो, नहीं तो हम उसके अश्लील फोटो वायरल कर बदनाम कर देंगे। इस पर परिवार ने बेटी की गायब होने की सूचना हरदुआगंज पुलिस को दी। तब वहीं से यह खबर मिली कि एक किशोरी का शव छर्रा अड्डा पर मिला है। तब परिवार यहां पहुंचा था।