रेलवे स्टेशन पर गोमती एक्सप्रेस में जाने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : CITY OFFICE
होली के बाद अब लोगों का अपने काम-धंधे पर लौटना शुरू हो गया है। दिल्ली से 150 किलोमीटर की दूरी पर बसे अलीगढ़ की लगभग 60 प्रतिशत आबादी एनसीआर रीजन में काम करती है। रविवार को रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। अप लाइन पर यात्रियों की ज्यादा भीड़ थी। डाउन लाइन की गाड़ियों में यात्रियों की कम भीड़ थी।
होली के बाद अब लोगों ने अपने घरों से कार्यक्षेत्र की ओर प्रस्थान करना शुरू कर दिया है। रविवार को रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। कुछ यात्री आरक्षित टिकट न मिलने से परेशान थे। होली पर रेलवे की ओर से कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए गए हैं। गोमती व संगम एक्सप्रेस में जनरल कोच का टिकट मिल रहा है। लेकिन अन्य ट्रेनों में जनरल टिकट न मिलने से यात्री परेशान रहे। अन्य ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। ऐसे में अलीगढ़ से दिल्ली जाने वाले लोग पैसेंजर ट्रेनों से यात्रा कर रहे हैं। रविवार को लखनऊ से आने वाली गोमती ट्रेन के जनरल कोचों में पैर रखने तक को जगह नहीं थी। कई यात्रियों ने भीड़ अधिक होने के चलते बसों की ओर रुख किया।
ज्यादातर ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट
दिल्ली की ओर जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है। गोमती एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, महाबोधी एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस, कालका मेल आदि ट्रेनों में 70 से 100 तक वेटिंग है। ऐसे में लोगों के पास केवल तत्काल टिकट का विकल्प बचा है, जिसके लिए लोगों को कतार में लगना पड़ेगा।