क्वार्सी क्षेत्र के गांव महुआ खेड़ा में अवैध संबंधों के चलते शनिवार रात विवाहित युवक की हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया गया। इस खबर पर रविवार सुबह-सुबह एकत्रित परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण कई थानों की पुलिस व अधिकारियों ने पहुंचकर जैसे-तैसे पब्लिक को शांत किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हालांकि इसे आत्महत्या माना जा रहा था। मगर परिवार के आरोपों के चलते पुलिस ने गांव के ही तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर एक नामजद विवाहित युवती सहित कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।
महुआ खेड़ा निवासी 21 वर्षीय नसरुद्दीन की शादी 8 माह पूर्व महफूज नगर निवासी शहनाज से हुई थी। नसरुद्दीन के पिता अलाउद्दीन के आरोप है कि उसके पुत्र के गांव की एक विवाहित युवती से अवैध संबंध थे। नसरुद्दीन मिलने के लिए काफी मना करता था, मगर वह युवती नहीं मानती थी।
आरोप है कि शनिवार शाम वह युवती अपने मामा के साथ उसके घर आई और मोबाइल देकर चली गई। उसी मोबाइल पर रात आठ बजे युवती ने फोन करके नसरुद्दीन को बुलाया। देर रात तक जब वह लौटकर नहीं आया तो खोजबीन शुरू कर दी। रविवार सुबह उसका शव गांव के निकट पेड़ पर फंदे से लटका मिला। राहगीरों ने तुरंत सूचना परिजनों को दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने खबर पुलिस को देते हुए युवती व उसके मामा सहित तीन पर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया, क्योंकि आरोपी दूसरे समुदाय के थे। इसलिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। खुद एसपी सिटी पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे। लगभग तीन घंटे हंगामे भरी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अलाउद्दीन की तहरीर के आधार पर युवती सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस छावनी बना रहा महुआ खेड़ा
जैसे ही युवक के शव पेड़ पर लटका होने की जानकारी पुलिस को मिली। भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई। इतना ही नहीं युवक के शव के पोस्टमार्टम के दौरान भी कई थानों की पुलिस मौजूद थी। देर शाम शव को सुपुर्द ए खाक के लिए ले जाया गया। भारी संख्या में इस दौरान भी पुलिस तैनात रही। पुलिस की एक पिकैट सहित अन्य फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है।
गर्भ में पल रहे बच्चे नहीं देखा था बाप का चेहरा
नसरुद्दीन की पत्नी शहनाज के गर्भ में पल रहे बच्चे ने अभी अपने पिता का चेहरा देखा भी न था कि उससे पहले ही पिता की हत्या कर दी गई। पति की मौत के बाद रोती हुई शहनाज यही बिलखती नजर आ रही थी कि अपने बेटे का चेहरा तो देख लेते। वहीं इस कोख में पल रहे बेटे के लिए इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा कि वह अपने पिता का चेहरा तक नहीं देख पाया।
-महुआ खेड़ा में युवक की हत्या का आरोप लगाया गया है जिसमें मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच के साथ पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी।-लव कुमार एसएसपी