गभाना के भांकरी के निकट मजदूर महिला के साथ ढाबा संचालक के बेटे ने दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता ने इसकी शिकायत थाने में दे दी। थानेदार ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद थाने से छोड़ दिया।
इस संबंध में एसएसपी को शिकायत देते हुए बन्नादेवी इलाके की महिला ने बताया कि एक जुलाई की देर रात वह एक समारोह में पूड़ी बेलने के बाद घर लौट रही थी। भांकरी पर गाड़ी का इंतजार करते समय वहां निकट स्थित ढाबा संचालक के पुत्र ने बातों में उलझाकर और बैठने की बात कहकर दुष्कर्म की कोशिश की। महिला की चीख-पुकार सुन उधर से आ रही पुलिस की गाड़ी रुक गई। जिन्होंने इस युवक को हिरासत में ले लिया। इतना ही नहीं पीड़िता से तहरीर भी ले ली। आरोप है कि तहरीर लेने के बाद भी पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया। मामले में एसएसपी ने इंस्पेक्टर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दुष्कर्म के मामले में नहीं हो रही कार्रवाई
इगलास के गांव तोछीगढ़ में डेढ़ माह पूर्व दर्ज हुए दुष्कर्म के मामले में दरोगा कोई कार्रवाई नहीं कर रहे, जिसकी शिकायत एसएसपी दफ्तर में की गई है। बताया गया है कि 23 मई को दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। जिसकी रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने बयान भी एसएसपी के आदेश पर दर्ज कराए। आरोप है कि अभी तक इस प्रकरण में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। जिससे आरोपी पीड़ित परिवार को धमका रहे हैं।
विवेचक की धमकियों से दहशत में गैंगरेप पीडि़त
दादों में 13 साल की लड़की से हुए गैंगरेप के मामले में विवेचक पीड़िता व उसके परिवार को धमका रहे है। जिसके चलते पूरे परिवार ने गांव से पलायन कर दिया है। जिसकी शिकायत करने पीड़िता एसएसपी दफ्तर पहुंची। पीड़ित के भाई ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी 13 साल की बहन संग पिछले महीने गैंगरेप की वारदात हुई। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। आरोप है कि विवेचक समझौते का दबाव बनाते हुए धमका रहे हैं। इससे परिवार ने गांव से पलायन कर दिया है। वह शिकायत लेकर एसएसपी दफ्तर देरी से पहुंचे, तब तक अधिकारी जा चुके थे। अब बुधवार को फिर आने की बात कह गए हैं। ब्यूरो