गाजियाबाद से एक शादी समारोह में शामिल होकर मुजफ्फरपुर, बिहार अपने घर जा रहीं मरियम खातून की वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में तबियत खराब हो गई। सूचना पर आरपीएफ ने साढ़े 10 बजे उन्हें ट्रेन से उतारा और मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी मौत हो गई।
नई दिल्ली-बिहार के सहरसा जाने वाली 12554 वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में शनिवार रात साढ़े नौ बजे बिहार के मुजफ्फरपुर के दोहा निवासी मरियम खातून (50) पत्नी मोहम्मद जमीर अपने परिवार के साथ गाजियाबाद स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थीं। महिला के बेटे मोहम्मद एजाज ने बताया कि स्टेशन से गाड़ी चलने के थोड़ी देर बाद मां की तबीयत बिगड़ने लगी थी।
अलीगढ़ जंक्शन पर ट्रेन रुकी तो आरपीएफ के सहयोग से जिला अस्पताल लाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टर मौत की वजह नहीं बता सके हैं। जबकि मौत की सूचना पर जीआरपी ने तत्काल पंचनामे की तैयारी शुरू की। आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर ने बताया कि सूचना पर ट्रेन के अलीगढ़ पहुंचते ही महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां मरियम ने दम तोड़ दिया।