क्वार्सी इलाके के चिलकौरा के एक मछली पालन केंद्र से बदमाश करीब आठ लाख की मछली लूट ले गए। घटना के दौरान बदमाशों ने चौकीदारों को मारपीट कर बंधक बना दिया और वहां एक कुत्ते को भी पीट-पीटकर मार डाला।
तीन दिन पुरानी इस घटना में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है। हालांकि अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके पीछे वजह यही समझ में आ रही है कि अगर मुकदमा दर्ज हुआ तो आखिर लूटा गया माल कहां से बरामद दिखाया जाएगा।
चिलकौरा निवासी किसान रंजीत सिंह का दोदपुर इलाके के मछली पालक की साझेदारी में गांव के बाहर खेतों में तालाब बनाकर मछली पालन केंद्र चलता है। इसमें करीब आठ लाख से अधिक का माल अभी हाल ही में डलवाया गया था। इस पर दो चौकीदार भी तैनात रहते हैं।
रंजीत की तहरीर के अनुसार तीन दिन पहले आधी रात को दो गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने चौकीदार निरंजन व फैजान को मारपीट कर बंधक बना लिया। इस दौरान उनसे मोबाइल, टॉर्च आदि सामान छीन लिया। यहां मौजूद कुत्ते को भी पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद आराम से तालाब में जाल की मदद से मछलियां निकालीं और ले गए। लूटी गई मछलियों की कीमत आठ लाख से अधिक है।
सुबह जब रंजीत को खबर लगी तो पाया कि दोनों चौकीदार बंधक बने पड़े थे। इस पर तत्काल पुलिस को खबर दी और थाने में तहरीर दे दी गई। पुलिस लूटे गए मोबाइल की मदद से सर्विलांस के सहारे घटना के खुलासे के प्रयास में है। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार मामले में जांच जारी है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि यह अपने तरह का पहला मौका है। वहीं पीड़ित का कहना है कि इस तरह का गैंग आसपास के जिलों में भी सक्रिय है और कई ठिकानों पर इस तरह की लूट की वारदातों को कर चुका है।