बुधवार को दोपहर बाद करीब एक बजे बरौठा नहर पटरी में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली उसकी कनपटी पर मारी गई। यह युवक कौड़ियागंज का निवासी था। मृतक के परिजनों ने नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि तीन साल पहले युवक ने कौड़ियागंज कस्बे निवासी मौसेरी बहन से कोर्ट मैरिज कर ली थी, जिसके विरोध में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। कौड़ियागंज के मोहल्ला बड़ा निवासी पैगाम पुत्र अनवार (38) की बरौठा नहर से आजादनगर गांव के रास्ते पर लगभग एक किलोमीटर दूर कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
बताते हैं कि सुनसान रास्ता होने से हत्या के करीब ढाई घंटे बाद निकले राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले मोबाइल के जरिए पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी तो उनके होश उड़ गए। मृतक के तहेरे भाई अमीर अहमद ने हरदुआगंज थाने में चुन्ना पुत्र सगीर खां, बाबू, पप्पू, नफीस, शहीद पुत्रगण बुंदू खां, अरमान पुत्र शकील उर्फ हाथी, खालिद व इकबाल पुत्रगण फैज मोहम्मद तथा फैज मोहम्मद पुत्र भूरे खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अमीर अहमद के अनुसार शादीशुदा होने के बावजूद पैगाम ने तीन साल पहले कौड़ियागंज निवासी बुंदू खां की बेटी को ले जाकर कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसी रंजिश के चलते बुधवार को उसकी हत्या कर दी गई। मृतक और आरोपी पहले से रिश्तेदार हैं। पुलिस ने मौके से 312 बोर एलजी का खोखा भी बरामद किया है।