The landlord of the tenant's son killed
- फोटो : Rupesh
शहर के कोतवाली इलाके में शुक्रवार को मकान मालिक के बेटे ने ई-रिक्शा चलाने वाले किराएदार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं ई-रिक्शा चालक के घर में घुसकर लूटपाट भी की। घटना से आक्रोशित परिजनों के साथ स्थानीय निवासियों ने पोस्टमार्टम के बाद भुजपुरा चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
इससे यातायात जाम हो गया। जानकारी होते ही कोतवाली प्रभारी, सीओ प्रथम राजकुमार मौके पर पहुंचे। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए मुकदमा दर्ज कराया जिसके बाद जाम खुल सका।
घटना कोतवाली की सुपर कालोनी की है। यहां रहने वाला ई-रिक्शा चालक मल्लू उर्फ अफजल (50) पुत्र अवसर अहमद मूल रूप से भुजपुरा कासिम नगर का निवासी था।
सुपर कालोनी में वह बनवारी खान के मकान में करीब सात साल से किराए पर रह रहा था। परिवार में पत्नी खालिदा और बेटी औरेव हैं।
बनवारी खान के दो बेटे बबलू और सद्दाम हैं। पूरा परिवार मजदूर पृष्ठभूमि से हैै। पुलिस के मुताबिक इसी मकान में एक और परिवार किराए पर रहता है। उसकी बेटी से शादीशुदा सद्दाम की नजदीकियां हो गईं। यह बात मल्लू ने बड़े भाई बबलू को बता दी। इस पर दोनों भाइयों में विवाद हो गया। बबलू ने सद्दाम को घर से निकाल दिया। इससे मल्लू से सद्दाम रंजिश मानने लगा।
बताते हैं करीब छह माह पहले सद्दाम की पत्नी से भी मल्लू की कहासुनी हो गई थी।
स्थानीय लोगों ने समझा कर मामला शांत कर दिया था। शुक्रवार को मल्लू ई-रिक्शा से स्कूली बच्चों को छोड़कर घर लौटा। करीब 11 बजे सद्दाम भी आ गया। दोनों में विवाद होने लगा। इसी बीच सद्दाम घर के अंदर से छुरा निकाल लाया और मल्लू पर ताबड़तोड़ कई वार किए। चाकू मल्लू के पेट में लगे।
खून के फौव्वारे छूट पड़े। उसे आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचते ही डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया।