महानगर के सिविल लाइंस इलाके के एक प्रतिष्ठित स्कूल में छात्रा से शिक्षक ने छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर स्कूल से निकालने की धमकी तक दे डाली। शिकायत ओएसडी से भी हुई तो उन्होंने भी सुनवाई के बजाय अनसुना कर दिया। बुधवार को पीड़ित ने सपा नेता मुंतजिम किदवई संग एसएसपी से शिकायत की है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी एक किशोरी इलाके के ही नामचीन स्कूल से कक्षा नौ की पढ़ाई कर रही है। पीड़ित के मुताबिक स्कूल का ही एक शिक्षक किशोरी से अश्लील बातें करता है। कई बार किशोरी ने शिक्षक की बातों को अनसुना कर दिया, लेकिन आरोपी शिक्षक की हरकतें कम नहीं हुईं।
मंगलवार को किशोरी स्कूल आई तो आरोपी शिक्षक ने एक कमरे में बंद कर लिया। वहां किशोरी के साथ छेड़खानी कर दी। इतना ही नहीं विरोध करने पर कालेज से निकालने और फेल करने की धमकी दे डाली। छुट्टी के बाद घर पहुंची किशोरी ने आपबीती परिजनों को बताई।
किशोरी की बातें सुनकर परिजन दंग रह गए। पीड़ित परिजनों ने कालेज प्रशासन से शिकायत की तो टहला दिया। न्याय न मिलने पर बुधवार को पीड़ित पक्ष ने एसएसपी लव कुमार से शिकायत की है। इस दौरान मुंतजिम किदवई आदि तमाम सपा नेता मौजूद रहे।