शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार बजे थाना पालीमुकीमपुर के गांव रजातऊ सेऊपुर के जंगलों में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बिजौली ब्लाक में रोजगार सेवक राशिद अपनी बहन को परीक्षा दिलाने के लिए अतरौली के गांव नहल आया था। जंगल में पेड़ के नीचे बैठकर पेपर छूटने का इंतजार कर रहा था, तभी उसे गोली मारी गई। पुलिस हत्या के पीछे फिलहाल रंजिश मान रही है। शाम तक परिजनों की ओर से इस मामले में तहरीर थाने नहीं पहुंची थी।
थाना छर्रा क्षेत्र के गांव भीकनपुर निवासी राशिद अली पुत्र बशीर अहमद की बहन साइमा ने दादों के वीरखंड महाविद्यालय से बीएससी द्वितीय वर्ष की परीक्षा का फार्म भरा था। साइमा का परीक्षा केंद्र नहल के डिग्री कॉलेज में पड़ा है।
शनिवार को साइमा रसायन विज्ञान तृतीय प्रश्न पत्र की परीक्षा देने अपने भाई राशिद अली के साथ कॉलेज पहुंची थी। बहन को परीक्षा केंद्र पर छोड़कर राशिद अली करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांव रजातऊ सेऊपुर के जंगलों में पनेहरा को जाने वाले मार्ग के किनारे वीरेंद्र सिंह के खेत में खड़े बेल के पेड़ के नीचे कपड़ा बिछाकर आराम करने लगा। शाम करीब साढ़े चार बजे हमलावरों ने उस पर पास से गोलियां दागी।
एक गोली बाजू में जबकि दूसरी छाती पर लगी। बताते हैं कि पास ही नलकूप चल रहा था औ दूर खेताें में किसान थे, लेकिन किसी ने गोली चलने की आवाज नहीं सुनी। कुछ दूर बाद ही वहां से दो बाइक सवार निकले। घायलावस्था में राशिद ने इशारा कर उन्हें रोका, जिसके बाद सूचना पुलिस और परिजनों तक पहुंची। मौके पर पहुंचे सीओ सुरेश कुमार मलिक ने मौजूद लोगों से वारदात की जानकारी ली।