बदमाशों की सक्रियता थम नहीं रही। रविवार को दिनदहाड़े आगरा रोड स्थित गांव कोठिया के पास बदमाशों ने फाइनेंस कर्मी दो 2.10 लाख रुपये लूट लिए। खबर पर मडराक व सासनी गेट पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
सासनीगेट की लोधी विहार कालोनी निवासी दीपक कुमार माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। पीड़ित के मुताबिक रविवार को वह कंपनी का तगादा करने सासनी गया था। वहां से रविवार की शाम करीब तीन बजे घर लौट रहा था।
मड़राक के गांव कोठिया के पास पहुंचते ही दो बाइकों पर आधा दर्जन बदमाश आ धमके। बदमाशों ने ओवरटेक कर दीपक की बाइक को रोक लिया। तभी पीछे बैठे एक बदमाश ने दीपक की कनपटी पर तमंचा रख दिया। विरोध करने पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दे डाली। लुटेरे बाइक की डिग्गी में रखे बैग को निकाल कर धमकी देते हुए फरार हो गए।
बैग में दो लाख रुपये रखे थे। लूट की खबर मिलते ही मड़राक और सासनीगेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच में जुट गई है। इंस्पेक्टर मडराक के अनुसार बदलते बयानों के चलते घटना संदिग्ध लग रही है। जांच की जा रही है।
रामघाट रोड पर युवक से लूटा मोबाइल
अलीगढ़। शिकोहाबाद निवासी सुशील यादव एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। शनिवार रात वह रामघाट रोड स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। रामघाट रोड स्थित मीनाक्षी पुल के पास पहुंचते ही पीछे से दो बाइक सवार लुटेरे आ धमके। सुशील कुछ समझपाते तब तक लुटेरे हाथ में लगे मोबाइल पर झपट्टा मार दिया। लुटेरे मोबाइल लूटकर फरार हो गए।