दीवानी में सीजेएम कोर्ट के बाहर मंगलवार दोपहर उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब एक कैदी ने खुद की सुरक्षा में आए दरोगा को ही दौड़ा लिया। बात सिर्फ इतनी थी कि कैदी तारीख से पहले अपने परिजनों से कुछ देर रुककर बात करना चाह रहा था। मगर दरोगा ने उसे रोक दिया। इसी बात पर कैदी भड़क गया और उसने दरोगा से जमकर धक्का-मुक्की करते हुए गरियाया और उसकी पिस्टल तक खींचने की कोशिश की। इस दौरान दरोगा ने खुद को दौड़कर बचाया।
महानगर के कोतवाली इलाके का इदरीश हत्या के मुकदमे में सजायाफ्ता है और इन दिनों आगरा सेंट्रल जेल में है। यहां उस पर मारपीट का एक मुकदमा अदालत में लंबित है। इसी मुकदमे में तारीख के लिए उसे मंगलवार दोपहर आगरा से यहां तारीख पर लाया गया। दीवानी के बाहर गाड़ी से उतरते ही इदरीश के परिजन उसे दिखाई दे गए। वह उनसे बातचीत को प्रयासरत था। मगर दरोगा चाह रहा था कि पहले वह अपनी तारीख कर ले। उसके बाद उसे चलते-चलते बात करा दी जाएगी।
टोकाटाकी में सीजेएम कोर्ट के बाहर दरोगा और इदरीश उलझ गए। पहले तो इदरीश ने दरोगा को धकियाया और फिर गाली देते हुए उसकी पिस्टल तक खींचने को दौड़ा। इस पर दरोगा ने खुद को दौड़कर बचाया और इदरीश की हरकतों की मोबाइल में क्लिपिंग भी बनाई। इस दौरान हंगामा बढ़ता देख कुछ अधिवक्ता एकत्रित हो गए और दोनों पक्षों को शांत किया। इसके बाद इदरीश की पेशी कराई और बाद में उसे आगरा ले जाया गया।