कई दिन से लापता क्वार्सी क्षेत्र के एक कॉलेज की छात्रा के मामले को लेकर शुक्रवार को महापौर शकुंतला भारती सहित अन्य भाजपा नेताओं ने क्वार्सी थाने का घेराव करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।
हालांकि इस प्रकरण में पुलिस एक महिला सहित तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लेकिन प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि छात्रा को जल्द से जल्द बरामद किया जाए। परिजनों की तहरीर पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है।
बुधवार को क्वार्सी क्षेत्र से दो छात्राएं लापता हो गई थीं। एक छात्रा तो घर पर वापस आ गई। दूसरी अभी तक लापता है। कक्षा आठ में पढ़ने वाली इस छात्रा की बरामदगी की मांग को लेकर क्षेत्र के करीब 200-250 लोग थाने पहुंच गए। लोगों के साथ परिजनों का कहना था कि कुछ दूसरे समुदाय के युवकों की बहन भी छात्रा के साथ पढ़ती थी।
इसी वजह से युवकों के घर आना जाना था। सूचना पर महापौर शकुंतला भारती, भाजपा के महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, मानव महाजन स्थानीय पार्षद ठा. पुष्पेंद्र सिंह जादौन आदि थाने पहुंच गए। इलाके के लोगों ने थाने aका घेराव करते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने बताया कि लापता छात्रा की एक महिला रिश्तेदार की भी इस मामले में गहरी भूमिका नजर आ रही है।
महिला रिश्तेदार के कई गैर समुदाय के लोगों से संबंध हैं। छात्रा की भी महिला रिश्तेदार से नजदीकी है। छात्रा के पास पांच-पांच सिम होने की बात सामने आ रही है। पुलिस के मुताबिक जिन लोगों को हिरासत में लिया है वह युवक कह रहे हैं कि यह बात सही है कि हमसे छात्रा का परिचय आदि था।
लेकिन करीब डेढ़ महीने से हमारा उसके साथ कोई लेना देना नहीं है। इधर पुलिस महिला रिश्तेदार से पूछताछ में जुटी है। महिला रिश्तेदार पुलिस को कई तरह की बातों में उलझा रही है। इन सबके बीच दोपहर बाद तक भाजपाई, छात्रा के परिजन थाने पर ही डटे रहे। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।