महानगर में एक युवक फर्जी बिल बनाकर चोरी व लूट के मोबाइल धड़ल्ले से नए बताकर बेच रहा था। इस फर्जीवाड़े की खबर पर काम करते हुए सिविल लाइंस पुलिस ने ऑपरेशन-420 के तहत आरोपी को दबोच लिया है। उसके पास से फर्जी बिल, 3 मोबाइल फोन व नकदी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार चेकिंग के दौरान रंगरेजान कोतवाली के यासिर खां को फर्जी बिल, 13 बिल की छाया प्रति, 3 मोबाइल फोन (एप्पल, वन प्लस 6, ओप्पो ) व 40010 रुपये सहित दोदपुर से दबोचा है। उसने पूछताछ में स्वीकारा है कि वह अपने दोस्त अतीक व अशद के साथ मिलकर इस काम को करता है। अतीक और अशद ही इन मोबाइल फोनों को चोरी/लूट के माध्यम से लाते हैं। वह उनके फर्जी बिल तैयार कर उन्हें अच्छी कीमत पर नया बताकर बेचते हैं। स्वीकारा है कि वह पहले बिना बिल के ही चोरी व लूट के मोबाइल बेचते थे। अब उसके दोनों साथियों को तलाशा जा रहा है।
विभिन्न आरोपों में ये भी किए गिरफ्तार
महानगर की गांधीपार्क पुलिस ने चोरी में पला साहिबाबाद के लोकेश, दिलीप व डोरीनगर के सोनू को दबोचा है। उनके पास से चोरी की बाइक मिली है। इधर, सिविल लाइंस पुलिस ने एएमयू सर जियाउद्दीन हॉल के सामने से चोरी की बाइक सहित रामगढ़ पंजीपुर क्वार्सी के संजू सिंह को दबोचा है। बन्नादेवी पुलिस ने सुरक्षा विहार के प्रभात को ठगी के मामले में दबोचा है।