महानगर के गांधीपार्क इलाके की कुंवर नगर कॉलोनी में आबकारी कर्मचारी के विधि छात्र बेटे ने गोली मारकर खुद की जान लेने की कोशिश की। बात महज यह थी कि उसने मां से बाइक के लिए रुपये मांगे और मां ने उसकी बात को अनसुना कर दिया। मंगलवार देर शाम हुए घटनाक्रम के बाद उसे गुपचुप तरीके से क्वार्सी के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
बताया गया है कि कुंवर नगर निवासी आबकारी कर्मी का बेटा बीएएलएलबी छात्र है। उसने अपने घर के बाहर मंगलवार की देर शाम में तमंचे से खुद को गोली मार ली और खुदकुशी की कोशिश की। इससे वहां हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में परिजनों ने उसे शहर के एक अस्पताल में दाखिल कराया। परिजनों ने परिचितों को बताया कि यह अपनी मां से बाइक के लिए रुपये मांग रहा था और इंकार करने पर उसने यह कदम उठाया। इस संबंध में जब नर्सिंग होम में मौजूद परिजनों से बातचीत की कोशिश की गई तो उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। नर्सिंग होम डॉक्टरों के अनुसार हालत खतरे से बाहर है।