जिला अस्पताल में नित नए लापरवाही के किस्से सामने आते हैं। अब यहां एक मृत युवक की पहचान किसी व्यक्ति ने पवन के रूप में कर दी और उसी नाम से अस्पताल प्रशासन ने रजिस्टर में एंट्री भी कर ली। मगर जब पुलिस ने शनिवार को पवन के नाम से क्रास चेक किया तो पता चला कि वह पवन तो अपने घर में जिंदा है। तब जाकर पुलिस ने राहत महसूस की और शव को अज्ञात में ही रखवा दिया है।
वाकया इस तरह हुआ कि 20 तारीख को बेहोशी की हालत में युवक को अस्पताल में भरती कराया गया। इसके बाद शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। इस मौत पर अस्पताल से मीमो बन्नादेवी थाने भिजवाया गया। जब उसकी मौत हुई थी और शव को मोरचरी में रखवाया जा रहा था, तभी अस्पताल में मौजूद किसी व्यक्ति ने कह दिया कि यह तो पवन निवासी सराय पीतांबर थाना सासनी गेट है। इस पर अस्पताल स्टाफ ने इस लाश की पहचान पवन के रूप में रजिस्टर में दर्ज कर ली और लाश पर लगे कपड़े पर इसी नाम से पर्ची भी चिपका दी। अब मीमो पहुंचने के बाद शनिवार दिन में बन्नादेवी पुलिस सराय पीतांबर के पवन के घर पहुंची तो पता चला कि वहां पवन तो जिंदा है और घर में ही मौजूद है। इसके बाद पुलिस लौट आई। बाद में शव को अज्ञात में ही दर्ज कराया और रख लिया गया। एसपी सिटी स्तर तक जब मामला पहुंचा तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को भी इस संबंध में अवगत कराया।