महानगर के देहली गेट इलाके में हुए सांप्रदायिक उपद्रव में घायल हुए लोगों का जेएन मेडिकल कॉलेज में बेहतर इलाज न होने की बात पर मोहल्ला खटीकान में लोगों ने हंगामा किया। बाद में प्रशासनिक स्तर से सभी घायलों को ट्रामा सेंटर शिफ्ट करा दिया गया।
उपद्रव में मारे गए गौरव की हत्या में पुलिस ने एक नामजद शानू को गिरफ्तार कर बलवे में भी आठ लोगों को जेल भेजा है। उधर दादरी कांड के बराबर मुआवजे-नौकरी के लिए परिवार व हिंदू महासभा के लोग दिनभर अनशन पर बैठे रहे। भाजपा सांसदों व रालोद विधायक का प्रतिनिधि मंडल गौरव के घर संवेदना जताने पहुंचा। जहां भाजपा सांसदों ने 18 को मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद संसद में मुद्दा उठाने का ऐलान किया।
बृहस्पतिवार शाम आठ बजे कैलाश गली व सराय मियां के मुहाने पर हुई सांप्रदायिक झड़प में मारे गए युवक गौरव के परिवार ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी, दादरी कांड के बराबर मुआवजा, मकान, नौकरी आदि मुद्दे उठाते हुए कहा कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होंगी,तब तक परिवार अनशन पर रहेगा। इस दौरान मोहल्ला खटीकान में हिंदू महासभा की पूजा शकुन पांडेय व मनोज पांडेय भी उनके साथ अनशन पर बैठ गए। इसी बीच जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कैलाश गली का सनी वहां से खुद ही चला आया।
उसकी हालत बेहद खराब थी। उसने आरोप लगाया कि वहां हम लोगों का जानबूझकर इलाज नहीं किया जा रहा। वहां हमें मारने की कोशिश की जा रही है। इतना सुनकर पब्लिक भड़क गई और हंगामा शुरू कर दिया। इस पर वहां मौजूद एडीएम सिटी व एसपी सिटी ने लोगों को समझाते हुए शांत किया और प्रशासनिक खर्चे पर सभी घायलों का क्वार्सी के ट्रामा सेंटर में इलाज कराने की बात कहते हुए सभी घायल वहां भिजवाए।
तब जाकर हंगामा शांत हुआ। इसके बाद दुपहर में रालोद विधायक ठा.दलवीर सिंह, खैर विधायक भगवती प्रसाद सूर्यवंशी, जिलाध्यक्ष कल्यान सिंह, पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह, सुबोध सिंह आदि गौरव के घर पहुंचे। जहां संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष उनकी मांगें रखने का भरोसा दिलाया। विधानसभा में बात रखने का भी आश्वासन दिया। इस दौरान लोगों ने आरएएफ हटाने व पीएसी लगवाने की मांग विधायकों के समक्ष रखी।
श्रद्धांजलि सभा में कौशांबी सांसद के अलावा सांसद सतीश गौतम, मेयर शकुंतला भारती, जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, महानगर अध्यक्ष दीपक मित्तल, संजीव राजा, कृष्णा गुप्ता आदि पहुंचे। सभी ने एक स्वर में कहा कि पूरी भाजपा परिवार के साथ है। अगर 18 नवंबर को मुख्यमंत्री ने परिवार की मांग नहीं मानी तो भाजपा रणनीति तय कर आंदोलन करेगी और 26 नवंबर से संसद में प्रदेश सरकार की दादरी कांड व इस कांड से जुड़ी दोहरी नीति का मुद्दा उठाया जाएगा।