धर्म जागरण मंच के महानगर सहसंयोजक सौरभ चौधरी के घर पर दो माह पुराने विवाद में शनिवार देर रात कुछ लोग फायरिंग कर धमकाते हुए भाग गए। अंदेशा है कि अगर सौरभ बाहर निकलते तो शायद उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग की गई होती। इस घटना से दो दिन पहले भी सौरभ चौधरी को अगवा कर ले जाने की कोशिश हुई थी।
इस घटना की खबर पर हिंदुवादी नेताओं में अफरा-तफरी मच गई। सौरभ सहित तमाम लोग एकत्रित होकर क्वार्सी थाने पहुंच गए, जहां तहरीर दे दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वाकये के अनुसार क्वार्सी के सुरेंद्र नगर स्थित केशव नगर गली नंबर 3 निवासी सौरभ चौधरी पुत्र प्रेमपाल सिंह रात करीब 11 बजे घर के अंदर आराम कर रहे थे। तभी दरवाजे पर कुछ लोगों द्वारा उन्हें पुकारने, गाली गलौज करने व अभद्र भाषा का प्रयोग करने की आवाजें सुनाई दीं।
इस पर सौरभ ने बाहर निकलना उचित नहीं समझा और बाहर आए लोग दरवाजे पर फायरिंग कर भविष्य में देख लेने की धमकी देते हुए चले गए। इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भीड़ जमा हो गई।
खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। बाद में सौरभ ने थाने पहुंचकर सलमान निवासी मछली वाली गली रसलगंज व रजत ठाकुर निवासी सुरेंद्र नगर के खिलाफ तहरीर दी है, जिनकी चीखने पर आवाज पहचान ली गई थी। सौरभ के अनुसार 21 तारीख की सुबह भी उनके कंप्यूटर सेंटर पर यह लोग हमलावर होकर आए थे।
उस दौरान मारपीट, तोड़फोड़ करते हुए खुद सौरभ को जबरन कार में अगवा कर ले जाने की कोशिश की गई थी। सौरभ के अनुसार सलमान इलाके के एक पार्लर पर काम करता था। जहां उसने आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था।
इसका विरोध करने के कारण यह सब किया जा रहा है। इलाके के दूसरे आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने वाले उसको संरक्षण दे रहे हैं। क्वार्सी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।