कोतवाली के मानिक चौक क्षेत्र में सौतेली बेटी के साथ एक पिता दो साल तक दुष्कर्म करता रहा। शुक्रवार को आरोपी ने जब फिर हदें तोड़ने की कोशिश की तो मां बेटी शनिवार को शिकायत लेकर एसपी क्राइम के पास पहुंचीं। उनके निर्देश पर इस मामले में मुकदमा दर्ज हो गया है, लेकिन आरोपी घर से फरार हो गया। महिला ने बताया कि यह बेटी उसके पहले पति से हुई थी जबकि आरोपी उसका दूसरा पति है।
महिला ने एसपी क्राइम आशुतोष द्विवेदी को दिए गए प्रार्थनापत्र में कहा है कि 15 वर्ष पहले उसका पहले पति से तलाक हो गया। उससे उसके यह बेटी है। 10 वर्ष पहले उसने मानिक चौक क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से विवाह कर लिया। दूसरी शादी से उसके एक बेटा है। उसका मौजूदा पति पिछले करीब दो वर्षोें से पहले पति से हुई नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करता आ रहा है। विरोध करने पर मारता पीटता है और जान से मारने की धमकी देता है। उसने दुष्कर्म का वीडियो भी तैयार कर लिया है।
शुक्रवार की रात करीब 11 बजे बेटी उसके पास सो रही थी। आरोपी ने उसका मुंह दबाकर कमरे में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। मौके पर पहुंचकर उसने बेटी को बचाया। इस पत्र में कहा है कि शिकायत लेकर वह पहले कोतवाली पहुंची थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
इस पर एसपी क्राइम ने संगत धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। कोतवाली के प्रभारी राजीव सिरोही ने बताया कि इस मामले में सौतेले पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।