नुमाइश मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी सभा के दौरान मंच के नीचे स्पार्किंग मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही के दोषी पाए गए अलीगढ़ रीजन के डिप्टी डायरेक्टर संजय कुमार व जोन के प्रभारी सहायक निदेशक उदयभान को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मजिस्ट्रेटी जांच में भी इन दोनों अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया गया है। दोनों ने मजिस्ट्रेट के समक्ष अपनी लापरवाही भी स्वीकारी है। वहीं, मंच प्रभारी व सहायक मजिस्ट्रेटों को संदेह का लाभ देते हुए मजिस्ट्रेटी जांच में क्लीनचिट दे दी गई है।
14 अप्रैल, रविवार को नुमाइश मैदान में पीएम मोदी की चुनावी सभा थी। सभा में मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जैसे ही भाषण देना शुरू किया, मंच के नीचे स्पार्किंग हो गई, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। इस वजह से पीएम मोदी ने आनन-फानन भाषण खत्म किया था। इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख सचिव ऊर्जा को तलब किया था।
इसके बाद विद्युत सुरक्षा परिषद के संयुक्त निदेशक वीपी श्रीवास्तव अलीगढ़ पहुंचे थे। जांच के बाद स्थानीय अधिकारियों के बयान भी दर्ज किए। इन्होंने प्रमुख सचिव ऊर्जा के समक्ष रिपोर्ट पेश की, जिसमें उप निदेशक व सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा को दोषी ठहराया। प्रमुख सचिव ऊर्जा व पावर कार्पोरेशन के अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि दोनों अफसरों के निलंबन की जानकारी दी है। प्रमुख सचिव ने कहा है कि अति विशिष्ट लोगों के जनसभाओं में सुरक्षा संबंधी व्यवस्था में लापरवाही पर किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।