महानगर के क्वार्सी बाईपास से सटी स्वर्ण जयंती (विस्तार योजना) कॉलोनी में रविवार देर शाम रेडियेंट स्टार कैश मैनेजमेंट सर्विस के एजेंट से 9.11 लाख रुपये लूट लिए गए। दीपावली, धनतेरस से एन पहले लूट की इस खबर पर पुलिस में भगदड़ मच गई। कई घंटे की जांच के बाद पुलिस ने इसे चोरी की घटना माना है। उसी आधार पर देर रात मुकदमे आदि की कार्रवाई की जा रही थी।
घटनाक्रम के अनुसार मूल रूप से छतारी बुलंदशहर के बिनूपुर रामनगर निवासी अवधेश कुमार यहां निरंजनपुरी स्थित रेडियेंट स्टार कैश मैनेजमेंट सर्विस (रुपये इधर से उधर पहुंचाने वाली कंपनी) में एजेंट के रूप में पिछले ढाई साल से कार्यरत है। रविवार देर शाम वह ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनी अमेजन के कावेरी वाटिका के पीछे स्वर्ण जयंती (विस्तार योजना) कॉलोनी के ब्रज अपार्टमेंट स्थित दफ्तर पहुंचा और वहां से 9.11 लाख रुपये लेकर चल दिया। अमेजन स्टाफ ने यह रुपये रेडियेंट के जरिये सोमवार को बैंक में जमा कराने के लिए दिए थे। अवधेश बाइक पर रुपये लेकर यहां से निकला ही था। अवधेश ने पहली सूचना दी कि तभी सुनसान रास्ते में पहले से मौजूद चार बदमाशों ने रोककर हथियार दिखाकर उससे रुपयों का बैग लूट लिया।
उसे धकियाकर गड्ढे में गिरा गए। यहां से दौड़कर वह स्वर्ण जयंती के कावेरी वाटिका चौराहे पर आया, जहां उसने मौजूद पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस सूचना पर इंस्पेक्टर क्वार्सी रविंद्र सिंह मय पुलिस टीम के पहुंच गए। घटनास्थल पर जांच पड़ताल के बाद उसे अपने साथ ले जाया गया। देर रात हुई पूछताछ के बाद इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआत में उसने लूट की सूचना दी थी, जांच व सख्ती से हुई पूछताछ के बाद उसने स्वीकारा कि दफ्तर से निकलकर वह लघुशंका के लिए रुका था। तभी बाइक पर रखा बैग अज्ञात लोग चुरा ले गए। इसी आधार पर कार्रवाई की जा रही है। लूट की बात निराधार है। इंस्पेक्टर के अनुसार कंपनी के लखनऊ मुख्यालय में संपर्क कर उनके प्रबंधक आदि से बात हुई हैए उन्होंने बताया है कि हमारे पास रकम लाने ले जाने के लिए अलीगढ़ में गाड़ी है। किसी भी बुलावे पर हमारी टीम गाड़ी लेकर जाती है। यह बाइक से ही क्यों गया, खुद संदेह हो रहा है। अभी अवधेश पुलिस के पास है, उससे पूछताछ चल रही है।
एक ही परिवार के तीन लोग हैं कंपनी में
इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार जांच में निकला है कि रेडियेंट स्टार का स्टाफ किसी रकम को इधर से उधर पहुंचाने के लिए किसी के भी बुलावे पर निर्धारित समय पर पहुंचता है। वह रकम बताए स्थान पर पहुंचाई जाती है। कंपनी के पास मौजूद रकम बीमित होती है। अलीगढ़ कार्यालय में अवधेश व उसके परिवार के कुल तीन लोग कार्यरत हैं। इन्हें मालूम है कि रकम बीमित है। अमेजन को यह रकम रेडियंट स्टार द्वारा बीमा के जरिये वापस की जाएगी। इसलिए हो सकता है कि इन्हीं लोगों ने लूट का नाटक रचा हो। यह भी जांच का विषय है।
पहले मुनीर, आशुतोष ने लूटे थे 32.35 लाख
इसी कंपनी के कर्मचारी की मुखबिरी के जरिये कुख्यात शूटर मुनीर व उसके साथी आशुतोष मिश्रा ने 32 व 35 लाख रुपये दो बार में इसी शहर में लूटे थे। एक घटना मीनाक्षी पुल के पास और दूसरी रेलवे रोड पीएनबी के सामने हुई थी। उस वारदात में भी कंपनी का कर्मचारी मुखबिर के रूप में सामने आया था।
घटना पहली सूचना से ही संदिग्ध लग रही थी। घटनास्थल पर विद्युत पोल पर लगी लाइट की रोशनी होने के बाद भी बदमाश वहां खड़े थे और लूट ले गए। यह समझ में नहीं आ रहा। बाद में उसने खुद रकम चोरी जाना स्वीकारा है। कार्रवाई की जा रही है।
- अतुल श्रीवास्तव एसपी सिटी