रामघाट रोड के एसएमवी मार्केट की मोबाइल शॉप पर प्रेमी से मिलने आई एमएससी छात्रा की दुकानदार प्रेमी ने गोली मारकर हत्या कर दी। लाश को कार की पिछली सीट पर डालकर एक नर्सिंग होम ले गया। वहां मृत घोषित होने के बाद लाश को ठिकाने लगाने ले जाने लगा, लेकिन पुलिस ने दबोच लिया। सिविल लाइंस थाने पहुंचे युवती के परिजनों ने जमकर हंगामा किया और युवक के साथ मारपीट कर दी। हालांकि पुलिस पूछताछ में युवक इस घटना को एक्सीडेंट बता रहा है। मगर परिवार की ओर से देर रात हत्या का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज करा दिया गया। छात्रा चूंकि दलित वर्ग से थ्ाी इसलिए हत्या के साथ्ा-साथ दलित एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ है।
गांधीपार्क की अंबेडकर नगर कॉलोनी निवासी बबिता (25) पुत्री राधा चरन आगरा रोड के ज्ञान महाविद्यालय में एमएससी केमिस्ट्री से अंतिम वर्ष की छात्रा थी। उसके पिता आरपीएफ में दादरी रेलवे स्टेशन पर तैनात हैं। घर में मां के अलावा तीन भाई व एक छोटी बहन है। परिजनों के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी छर्रा अड्डा निवासी प्रियंका नाम की सहेली के घर से फाइल लेकर आने की बात कहकर निकली थी।
और 100 रुपये भी ले गई थी।इसके बाद वह करीब डेढ़ बजे अपने प्रेमी अरुण पुत्र देवकीनंदन वार्ष्णेय निवासी साकेत विहार सुरेंद्र नगर साईं मंदिर निवासी की एसएमवी इंटर कॉलेज मार्केट में स्थित आखिरी अड्डा मोबाइल रिपेयरिंग एंड सेल्स सेंटर शॉप पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार करीब तीन बजे अरुण ने अपने पास मौजूद अवैध मुंगेर मेड .32 बोर की पिस्टल से दुकान में ही बबिता की हत्या कर दी। गोली उसके सीने में लगी। इसके बाद वह युवती को अपनी आल्टो कार की पिछली सीट पर डालकर ले गया। पहले वह विष्णुपुरी के एक नर्सिंग होम पहुंचा, जहां डॉक्टर ने बबिता को मृत घोषित कर दिया। यहां से वह दूसरे नर्सिंग होम भी ले गया।
मगर वहां भी इंकार कर दिया गया। इसके बाद वह उसे कार में डालकर अपने घर ले गया और वहां खून से सनी अपनी शर्ट बदली। इसके बाद वह लाश को ठिकाने लगाने जा रहा था। मगर तभी नर्सिंग होम से मिली सूचना पर क्वार्सी व सिविल लाइंस पुलिस हरकत में आ गईं। अरुण को सुरेंद्र नगर पानी की टंकी के पास कार सहित दबोच लिया। उसमें लाश भी मिल गई और रास्ते में नाले से उसकी खून से सनी शर्ट, पिस्टल व एक्सरे भी बरामद कर लिया। जब यह खबर परिजनों को हुई और वे सिविल लाइंस थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस हिरासत में युवक की पिटाई करते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे समझाकर शांत किया और युवक को हवालात के अंदर किया। हालांकि युवक इसे मात्र एक्सीडेंट बता रहा था। मौके पर एसपी सिटी, सीओ तृतीय भी पहुंच गए। सीओ तृतीय राजीव सिंह के अनुसार परिवार हत्या का आरोप लगा रहा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।