बुधवार को हरिनाम वास के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में तीन युवक घायल हो गए। उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां डॉक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज चल रहा है। घायल की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हसमुद्दीन (19) पुत्र फकरुद्दीन निवासी त्यौरी थाना पहासू जिला बुलंदशहर बुधवार की सुबह अपने चाचा की बाइक लेकर दोस्त मुबारक (20) पुत्र जाकिर और नूर आलम पुत्र अख्तर के साथ ईद मिलने बरौली जा रहे थे। तीनों हरिनाम वास के पास पहुंचे तभी अनियंत्रित होकर बाइक एक गड्ढे में जा गिरी।
इस हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें घायल देखकर किसी राहगीर ने 100 नंबर पर सूचना दी जिस पर पीआरवी कर्मी मौके पर पहुंच गए और घायलों के परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वाले भी सूचना मिलने के कुछ समय बाद ही मौके पर पहुंच गए। तीनों घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां हसमुद्दीन व मुबारक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। नूर आलम का इलाज चल रहा है। दोनों शवों को परिजन बगैर पोस्टमार्टम कराए ही अपने गांव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।