कोतवाली अतरौली क्षेत्र के गांव ककेथल में शुक्रवार शाम करीब चार बजे संपत्ति के विवाद में कलियुगी बेटे ने अपने साले और अन्य साथियों के साथ मिलकर खेत पर गेहूं कटवा रहे मां-बाप को गोलियों से भून दिया, फिर उन पर धारदार हथियार से काट कर उनकी हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की पृष्ठभूमि में संपत्ति का विवाद बताया जा रहा है।
गांव ककेथल निवासी किसान वीरेंद्र शर्मा (65) के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा बंटी उर्फ यतेंद्र शर्मा गांव में ही रहता है, जबकि वीरेंद्र शर्मा पत्नी पुष्पा उर्फ शकुंतला, दो बेटों मोनू व सोनू शर्मा के साथ अलीगढ़ के एकता नगर में रहते थे। मोनू एकता नगर में ही आटा चक्की चलाते हैं। वीरेंद्र शर्मा की गांव में करीब 14 बीघा से अधिक जमीन है। इसमें से कुछ हिस्सा उन्होंने अपने बड़े बेटे यतेंद्र को दे रखा है। बाकी जमीन अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर खुद ही करते थे। शुक्रवार को वीरेंद्र शर्मा मजदूरों से गेहूं की फसल कटवा रहे थे।
पति पत्नी रोजाना सुबह अपनी मोपेड से खेत पर आते और शाम को अलीगढ़ लौट जाते। शुक्रवार सुबह वीरेंद्र शर्मा पत्नी के साथ खेत पर आए थे। शाम करीब चार बजे वह खेत पर बैठे थे। इसी दौरान यतेंद्र अपने साथियों के साथ वहां आया और पिता से फसल कटवाने को लेकर झगड़ा करने लगा। झगड़ा इतना बढ़ गया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों पर गोलियां बरसा दीं। साथ ही उन पर धारदार हथियार से भी हमला किया गया। दंपती की मौके पर ही मौत हो गई और हमलावर भाग गए।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग घटना स्थल की ओर दौड़े तो देखा दोनों के शव खून से लथपथ पड़े थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम शिवकुमार, सीओ सुरेश कुमार मलिक, कोतवाल उत्तमचंद पटेल, एसएसआई सुनील कुमार, नायब तहसीलदार अजीत कुमार आदि ने घटना की जानकारी ली।
कोतवाल उत्तमचंद पटेल ने बताया कि वीरेंद्र शर्मा के बेटे मोनू शर्मा ने अपने भाई बंटी उर्फ यतेंद्र, बंटी के बेटे विकास, बंटी की पत्नी कुसुमा, उसके साले चंद्रप्रकाश व धर्मवीर पुत्रगण गौरीशंकर निवासी इगलास तथा ककेथल के भोला पुत्र इंद्रपाल के खिलाफ दर्ज कराई है।
आंखें तक निकाल ली बेटे ने
पिता को गोली मारने के बाद यतेंद्र धारदार औजार (फरसा या फावड़ा) से तब तक काटता रहा, जब तक वीरेंद्र शर्मा के प्राण नहीं निकल गए। उसकी क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि धारदार औजार से लगातार हमले कर बंटी ने पिता की आंखें तक निकाल लीं।
संपत्ति के विवाद में वीरेंद्र शर्मा व उनकी पत्नी की हत्या उनके बेटे यतेंद्र उर्फ बंटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर की है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी फरार हैं। पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
- सुरेश कुमार मलिक, सीओ।