एएमयूकर्मी की ईंटों से कुचलकर हत्या
- फोटो : Rupesh
महानगर के क्वार्सी बाईपास कयामतपुर मोड़ स्थित देशी शराब के ठेके के निकट एएमयूकर्मी की ईंटों के कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। उसकी खून से लथपथ लाश सोमवार की शाम को उसके ही निर्माणाधीन मकान के एक कमरे में मिली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई। पुलिस ने इस मकान में किराए पर रहने वाली एक महिला को शक के आधार पर हिरासत में ले लिया है। देर रात तक फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी थी।
एएमयू में माली के पद पर कार्यरत लेखराज (59 वर्ष) निवासी विकास नगर थाना गांधी पार्क का एक मकान कयामतपुर रोड देशी शराब के ठेका के पास भी था। यह मकान अभी निर्माणाधीन है और वहां एक किराएदार महिला अपने दिव्यांग पति के साथ रहती है। लेखराज रोजाना की तरह इस मकान पर जाता था और वहां से लौटकर शाम को अपने घर आ जाता था। सोमवार की शाम को जब वह घर नहीं आया और फोन बंद हो गया। इस पर परिजनों ने तलाश की।
किराएदार महिला से पूछा तो बताया कि उनका किसी से झगड़ा हो गया है। इसके बाद वह स्पष्ट जवाब नहीं दे रही थी। इस पर परिजन वहां पहुंच गए। वहां लेखराज की लाश उसके ही इस मकान में खून से लथपथ पड़ी थी। देखने से लग रहा था कि ईंटों से कुचलकर उसकी हत्या की गई है। मौके पर काफी भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी बुला ली और आसपास के लोगों से पूछताछ की। उक्त किराएदार महिला को हिरासत में ले लिया। कोतवाल क्वार्सी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि घटना को लेकर जांच की जा रही है। पूछताछ के लिए किराएदार महिला को हिरासत में लिया गया है। तहरीर व अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।