क्राइम डेस्क ,अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी इलाके की अवंतिका फेस-2 के रहने वाले एनआरआई शिक्षक दंपति के बंद मकान से बुधवार दोपहर चोरों ने कीमती माल पार कर दिया।
वारदात के वक्त अपने देश घूमने आए शिक्षक दंपती सुबह गांव घूमने गए थे। दोपहर में चोरी की खबर उनके देहरादून में रह रहे बेटे को पड़ोसियों ने दी तो वह गांव से लौट आए। इस संबंध में थाने में तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने भी जांच पड़ताल कर साक्ष्य संकलित किए हैं।
शिक्षक दंपती रूपेंद्र शर्मा व अर्पणा शर्मा मस्कट के ओमान में तैनात हैं। उनका यहां अवंतिका फेस टू में मकान है। उनका बेटा देहरादून में इंजीनियरिंग कर रहा है। इन दिनों अवकाश होने के कारण शिक्षक दंपती भारत आए हुए थे। बुधवार सुबह दंपती पहले मेडिकल कॉलेज दांत दिखाने गए और वहां से अर्पणा के गांव विजयगढ़ चले गए।
इसी बीच दिन में चोर घर में घुस गए। दोपहर में जब चोरी की जानकारी पड़ोसियों को हुई तो यहां इस मकान की निगरानी करने वाले देहरादून में रह रहे बेटे को सूचना दी। बेटे ने मां-बाप को बताया तो वह गांव से लौट आएं। इंस्पेक्टर के अनुसार चोरी के संबंध में दी गई तहरीर में एक लाख रुपये के जेवरात व 15 हजार की नकदी जाने का उल्लेख किया है।
स्वास्थ्यकर्मी रामेश्वरम में, घर में चोरों ने किया हाथ साफ
सीएमओ दफ्तर में तैनात लिपिक पुष्पेंद्र शर्मा यहां दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय परिसर के आवासीय भवन में दूसरी मंजिल पर रहते हैं। इन दिनों वह परिवार के साथ रामेश्वरम गए हुए हैं। बुधवार सुबह उन्हें पड़ोसियों ने बताया कि उनके मकान के ताले टूटे पड़े हैं और चोरी हो गई है। इस पर उन्होंने अपने दोस्त को वहां देखने भेजा तो पता चला कि सामान बिखरा है। काफी कुछ गायब है। फिलहाल पुलिस को सूचना देकर मौका मुआयना करने के बाद ताला लगवा दिया गया है। वह 10 जनवरी को वापस लौटकर बताएंगे कि क्या-क्या चोरी हुआ है।