क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
ओवरलोडिंग कर पब्लिक प्रापर्टी को नुकसान पहुंचाने के आरोप में आरटीओ ने खेरेश्वर स्थित हाइवे पर गिट्टी से भरे दो ट्रकों को पकड़ लिया। आरटीओ ने दोनों ट्रकों को पुलिस की अभिरक्षा में खड़ा कर प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रापर्टी एक्ट 1984 के तहत कार्यवाही के लिए डीएम से अनुमति मांगी। डीएम ने दोनों ट्रकों के मालिक तथा चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की अनुमति प्रदान कर दी है।
मंगलवार की दोपहर आरटीओ (प्रवर्तन) निर्मल प्रसाद, आरटीओ (प्रशासन) राधेश्याम, एआरटीओ प्रवर्तन अभिताभ चतुर्वेदी द्वारा खेरेश्वर स्थित हाइवे पर ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्हें दो ट्रक आरजे 05 जीबी 6293 एवं आरजे 05 जीबी 6254 पलपल की ओर से आते दिखाई दिए। अधिकारियों के अनुसार चेकिंग में ट्रकों में क्षमता से अधिक गिट्टी पाई गई।
इस पर आरटीओ ने दोनों ट्रकों को पुलिस की अभिरक्षा में देकर प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रापर्टी एक्ट 1984 के तहत कार्यवाही के लिए डीएम से अनुमति मांगी। डीएम की अनुमित मिलने पर अधिकारियों ने लोधा थाने में ट्रक मालिक जल्लिस पुत्र याकूब निवासी राधा नगरी मेवन, कामा भरतपुर तथा चालक आरिफ पुत्र रज्जाक, असलम पुत्र आसू निवासी गांव लेवड़ा, भरतपुर तथा रहीश पुत्र ईस्माइल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए लोधा थाने में तहरीर दी है।