क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
पिछले दिनों छर्रा में हुए शरद गुप्ता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के आरोपी ने शरद गुप्ता को पैसे देने के लिए घर बुलाया और अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
सोमवार को पुलिस लाइन स्थित अपने कार्यालय पर एसएसपी अजय कुमार सहानी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गत 9 अगस्त को राकेश गुप्ता निवासी अतरौली रोड छर्रा ने अपने पुत्र शरद गुप्ता की हत्या के मामले में अरविंद उर्फ रिंकू गुप्ता पुत्र राधेश्याम गुप्ता निवासी जवाहर चौक छर्रा को नामजद किया था।
दर्ज करायी रिपोर्ट में कहा था कि आरोपी रिंकू गुप्ता ने शरद गुप्ता को काल करके बुलाया गया। पुलिस ने अपनी जांच में पाया कि आरोपी की पत्नी सपना गुप्ता ने अपनी दुकान में काम करने वाले लड़के योगेश के मोबाइल से कॉल कर अपने पति रिंकू गुप्ता को शरद के अपने घर में आने की सूचना दी थी।
शहर गुप्ता ने विशाल सैनी को काल करके यह पूछा था कि रिंकू गुप्ता अपनी दुकान पर है या नहीं। विशाल ने बताया कि रिंकू अपनी दुकान पर नहीं है। इसके बाद शरद गुप्ता हीरो मोटरसाइकिल एजेंसी वाले सर्वेश से मोटरसाइकिल लेकर रिंकू के घर आया। शरद गुप्ता के मोबाइल पर आखिरी काल सर्वेश से ही थी।
जिसमें वह मोटर साइकिल के लिए कह रहा था। पुलिस ने जांच में पाया कि शरद गुप्ता रिंकू की पत्नी से लगातार बात करता रहता था। पत्नी के बात बंद कर देने पर भी अलग अलग नंबरों से मृतक शरद गुप्ता द्वारा बात करने का प्रयास किया जाता रहा।
शरद गुप्ता ने तनु उर्फ अंशु सोनी को आरोपी की पत्नी का एक गलत फोटो दिखाया और सोनी के ही माध्यम से खबर भिजवाई कि वह बात करे नहीं तो फोटो को वायरल कर देगा।
इसी के चलते रिंकू की गैर मौजूदगी का पता करके शरद गुप्ता उसके यहां पहुंचा। जिसकी सूचना रिंकू को मिल गई और उसने शरद गुप्ता की हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि इस वारदात में अन्य किसी की कोई भूमिका नहीं दिख रही है।