क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
प्रीमियम बोनस योजना के तहत 11 हजार रुपये खाते में भेजने का झांसा देकर आशा वर्कर से गर्भवती महिलाओं के बैंक खाते का विवरण पता करने और फिर खातों में से पैसा निकाल लेने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित आशा ने इस संबंध में एसएसपी को पत्र लिखकर शिकायत की है।
अतरौली के गांव झिरकयाना निवासी कृष्णा देवी ने पत्र लिखकर कहा है कि 1 अक्तूबर को शाम करीब 5.30 बजे शाम को उसके मोबाइल नंबर पर फोन आया और फोन करने वाले ने कहा वह एक अर्द्ध सरकारी संस्था से है और उसके क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के खाते में 11-11 हजार रुपये भेजने हैं। इसके बाद उसने झांसे में लेकर क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के खाते का विवरण ले लिया। एटीएम कार्ड आदि की भी डिटेल हासिल कर ली। इस घटना के बाद कुछ महिलाओं के एटीएम से पैसे निकाले जाने लगे। इस धोखाधड़ी का आभास होने पर वह बहुत डर गई। अब पत्र में पूरी घटना लिखकर मामले की जांच करने और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है।