क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
एकतरफा प्यार में पागल क्वार्सी थाना क्षेत्र के एक सिरफिरे युवक ने प्यार का प्रस्ताव ठुकराने पर पड़ोस की युवती के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। फोटो वायरल होने की भनक लड़की के परिजनों को लगी तो मंगलवार को उन्होंने थाना पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि लड़की की युवक से दो साल से दोस्ती थी। युवक दोस्तों को प्यार के संबंध में बदलने का दबाव बना रहा था। युवती के इंकार करने पर युवक ने दो दिन पहले वारदात को अंजाम दिया।
क्वार्सी थाना पुलिस के अनुसार युवती घरों में खाना बनाने का काम करती है। युवक एक दुकान पर काम करता था। दोनों आपस में पड़ोसी हैं। दो साल से एक दूसरे से बतौर दोस्त फोन पर बातचीत करते थे।
युवती के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार युवक ने कुछ दिन पहले उसके प्रेम का प्रस्ताव रख दोस्तों को प्रेम संबंधों में बदलने को दबाव डाला। इस प्रस्ताव को युवती ने ठुकरा दिया।
इससे युवक आक्रोश में आ गया। उसने युवती की सामाजिक बेइज्जती करने की साजिश रची और उसके कुछ निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। फोटो वायरल होने की जानकारी परिजनों को मिली तो उनके होश उड़ गए। पहले तो उन्होंने बेटी से पूरे मामले की जानकारी की।
बेटी ने युवक की हरकत में बारे में परिजनों को बताया। इसके बाद परिजनों ने थाना क्वार्सी में तहरीर देकर युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। तहरीर के आधार पर युवक को उठा लिया गया है। पूछताछ जारी है। इंस्पेक्टर के अनुसार पूछताछ के बाद युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।