क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
अगर कोई नौकरीडॉटकॉम जैसी वेबसाइट से नौकरी पाने का ख्वाब संजो रखा है, तो उनके ख्वाबों को इससे मिलती-जुलती फ्राड वेबसाइट जोर का झटका धीरे से दे सकती हैं। इसलिए सलाह है कि इस तरह की वेबसाइट पर जाने से पहले उसे भली-भांति परख लें। एक ऐसा ही मामला सामने प्रकाश में आया है। एक युवती को नामी मोबाइल कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 2500 रुपये जमा करा लिए गए। न तो उसे नौकरी मिली और न ही रुपये वापस मिल रहे हैं।
युवाओं के जज्बातों से खेल रही इस तरह की कई फ्राड वेबसाइट हैं, इसलिए उनका इस्तेमाल करने से पहले उनकी विश्वसनीयता को आंकना बहुत जरूरी है। जब वह मानक पर खरी उतरें, तभी उसका इस्तेमाल करना चाहिए।
एक युवती नौकरीडॉटकॉम वेबसाइट के नाम से मिलती-जुलती साइट के चक्कर में फंस गई। युवती ने बताया कि उसने प्रतिष्ठित नौकरीडॉटकॉम पर नौकरी के लिए फार्म भरा था। वेबसाइट से कहा कि गया उनका प्लेसमेंट नामी मोबाइल कंपनी में हो गया है। अब साक्षात्कार के लिए उनके पास कंपनी से फोन आएगा।
अच्छी नौकरी मिलने के चलते उसने 2500 रुपये एसबीआई में किरन यादव के नाम से खुले अकाउंट नंबर 36905763742 में जमा कर दिया। युवती ने बताया कि उसके पास कोई कॉल नहीं आई। फिर उसने जब वेबसाइट के नंबर पर फोन किया, तब वह नहीं उठा, उसे फौरन लग गया वेबसाइट फ्राड है।
जब उसका फोन उठ गया, तो उसने जमा राशि को वापस करने को कहा। इसके जवाब में कहा कि राशि 45 दिन के बाद वापस होगी और फोन कट गया। युवती ने कहा कि उसने फिर खोजबीन शुरू कर दी। जहां से फोन आया था, उसे मिलाया तो उसने बताया कि वह नौकरीडॉटकॉम में इंपलायी नहीं है। उधर, पुलिस प्रशासन ने ऐसी फ्राड वेबसाइट से सावधान रहने की सलाह दी है। फ्राड वेबसाइट के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई पड़ताल शुरू कर दी है।