क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नितिन माहौर की हत्या में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर कोरी समाज के धरना प्रदर्शन से पुलिस को राहत भी नहीं मिल पाई थी कि शुक्रवार की रात को युवती की हत्या के मामले में दीपक माहौर को जेल भेजने व जाटव समाज के लड़के को गिरफ्तार न करने का मामला तूल पकड़ गया।
मंगलवार को तमाम लोगों ने थाने का घेराव कर पुलिस से 24 घंटे के अंदर दूसरे युवक को भी गिरफ्तार करने या फिर उनके समाज के युवक को जेल रिहा करने की मांग की। साथ ही ऐसा न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
गत शुक्रवार की रात सासनी गेट क्षेत्र की जाटव समाज की लड़की ने जहर खाकर जान दे दी। इस मामले में पुलिस ने कोरी समाज के दीपक माहौर को हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। जबकि उसके साथ जाटव समाज का एक युवक भी मौजूद था।
मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में सासनी गेट थाने पहुंचे लोगों ने पुलिस से पूछा कि जब दोनों युवक लड़की को अस्पताल ले गए थे तो केवल दीपक को ही दुष्कर्म समेत अन्य संगीन धाराओं में गिरफ्तार कर जेल क्यों भेजा। सूचना पर हिंदू जागरण मंच के प्रदेश मंत्री संजू बजाज अपनी टीम के साथ पहुंच गए।
उन्होंने सासनी गेट थाना प्रभारी से 24 घंटे में सही जांच करने की मांग की। जेल गए दीपक ने भी अपने बयान में लोकेश की मौजूदगी दर्ज कराई है। या तो दोनों ही लड़के दोषी हैं या फिर दोनों ही निर्दोष। सूचना पर भाजपा महानगर महामंत्री मनीष रॉय एवं उपाध्यक्ष यतेंद्र वाईके भी थाने आ गए।
मनीष रॉय ने कहा कि 24 घंटे में जांच के बाद समाज के लोग संतुष्ट नहीं होते हैं तो थाने का घेराव किया जाएगा। इस दौरान शिवम माहौर, मनीष माहौर, सोनू माहौर, मुकेश माहौर, शेखर माहौर, बिल्लू माहौर, गोपाल, सोनू, अजय, हेमंत माहौर, सुनील माहौर, कन्हैया माहौर समेत अन्य लोग मौजूद थे।