क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के सिविल लाइंस इलाके के जमालपुर रेलवे फाटक के पास से पुलिस ने शनिवार रात को 10 किलो गांजे सहित दो तस्करों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार तस्कर चेन्नई से शहर में सप्लाई करने को गांजा लाए थे।
सर्विलांस सेल को इनकी भनक लग गई थी। दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर अमित कुमार के अनुसार दबोचे गए गांजा तस्करों की पहचान शाहरुख पुत्र बाबू खां निवासी जीवनगढ़ गली-4 क्वार्सी और शादान पुत्र अकील अहमद निवासी जाकिरनगर गली-3, क्वार्सी के तौर पर हुई। मौके से इनके पास 10 किलो गांजा सहित दो तमंचे और चार कारतूस बरामद हुए हैं।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह चेन्नई से गांजा लेकर आए थे। शहर में इसकी सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाते हैं। इंस्पेक्टर के अनुसार दोनों के खिलाफ पूर्व में कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं हैं।
दोनों पर एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ कर इनके गिरोह के सरगना तक पहुंचने की तैयारी है। फिलहाल दोनों को जेल भेज दिया है।
तस्करों को दबोचने वाली टीम में एसआई जयप्रकाश चंद तिवारी, एसआई नितिन राठी, धर्मपाल सिंह, ऐहतेशाम खां शामिल रहे।