क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के सासनी गेट के जयगंज इलाके में एक पीतल फैक्ट्री में काम करने वाले युवक ने रात को खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि परिजन युवक के इस कदम पर कुछ भी नहीं बता पा रहे, मगर पुलिस पारिवारिक कलह में सुसाइड की बात कह रही है।
मूल रूप से कासगंज के सोरों निवासी 30 वर्षीय हृदेश पुत्र छोटेलाल लंबे समय से अपनी मां सरला के साथ जयगंज में किराये पर मकान लेकर रह रहा था और पीतल फैक्ट्री में काम कर रहा था। चार माह पहले उसकी आगरा निवासी सोनम से शादी हुई थी।
दो दिन पहले वह अपनी पत्नी को अपनी बहन एकता के घर घूमने के लिए हापुड़ छोड़ आया था। सोमवार रात वह घर में सो रहा था। मां दूसरे कमरे में थी और वह दूसरे कमरे में था। तभी उसने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी।
सुबह जब उसकी मां की नजर पड़ी तो उसका हाल बेहाल हो गया। चीख पुकार पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर के अनुसार उसके पिता की पूर्व में मौत हो चुकी है। युवक ने पारिवारिक कलह में जान दी है।