क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी बाईपास से सटी स्वर्ण जयंती (विस्तार योजना) कॉलोनी में रविवार देर शाम रेडियेंट स्टार कैश मैनेजमेंट सर्विस के एजेंट से हुई 9.11 लाख रुपये की लूट के खुलासे में पुलिस की एक टीम जुटी हुई है।
अब तक की जांच में पुलिस के शक की सूई एजेंट के इर्द-गिर्द ही घूम रही है। उम्मीद है कि एक-दो दिन में पुलिस इस घटना का खुलासा कर सकती है। इधर, त्योहार से ऐन पहले हुई लूट के बाद पुलिस ने शहर में चौकसी और ज्यादा बढ़ा दी है।
मूल रूप से छतारी बुलंदशहर के बिनूपुर रामनगर निवासी अवधेश कुमार यहां निरंजनपुरी स्थित रेडियेंट स्टार कैश मैनेजमेंट सर्विस (रुपये इधर से उधर पहुंचाने वाली कंपनी) में एजेंट के रूप में पिछले ढाई साल से कार्यरत है। रविवार देर शाम वह ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनी अमेजन के कावेरी वाटिका के पीछे स्वर्ण जयंती (विस्तार योजना) कॉलोनी के ब्रज अपार्टमेंट स्थित दफ्तर से 9.11 लाख रुपये लेकर जा रहा था।
तभी उसे निकलते ही लूट लिया था। हालांकि पहली सूचना उसने लूट की दी थी। मगर कुछ देर की पुलिस पूछताछ के बाद इंस्पेक्टर के अनुसार वह रुपये चोरी जाने की बात कहने लगा। इंस्पेक्टर क्वार्सी रविंद्र सिंह के अनुसार मामले में अभी जांच की जा रही है। फिलहाल मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। एक-दो दिन में तस्वीर साफ की जाएगी। वहीं एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि शहर में वैसे तो पहले से ही पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। मगर इस घटना के बाद अब और ज्यादा एहतियात बरता जा रहा है।
सेंटर प्वाइंट चौराहे पर बनाई अस्थायी चौकी
त्योहार और आपराधिक घटनाओं पर अकुंश लगाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर सोमवार को सेंटर प्वाइंट पर एक अस्थायी बनाई गई है। यह क्षेत्र दो थाने और तीन चौकियों का कार्यक्षेत्र है। इसलिए इसे काफी संवेदनशील माना जाता है। क्षेत्र की एक साइड थाना क्वार्सी में आती है। वहीं दूसरी साइड थाना सिविल लाइन में। व्यापारिक लिहाज से भी क्षेत्र काफी अहम है। यहां कई बैंकों समेत बड़े-बड़े प्रतिष्ठान हैं।
सेंटर प्वाइंट पर बनाई गई अस्थायी चौकी पर एसआई समेत पांच पुलिसकर्मी हर वक्त तैनात रहेंगे। चौकी का प्रभारी मोनू कुमार आर्य को बनाया जो कि थाना सासनी की सराय सुल्तानी चौकी पर तैनात थे। थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक चौकी के लिए दो महिला सिपाही की ड्यूटी लगाएंगे जो प्रतिदिन बदलती रहेगी। एसएसपी अजय कुमार साहनी ने सीओ तृतीय संजीव दीक्षित की संस्तुति पर यह निर्देश जारी किए हैं।