अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय में सोमवार को छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले की सुनवाई हुई। जिसमें पीड़ित छात्रा, मां और पिता की गवाही हुई। इस दौरान कोर्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। मामले में अगली सुनवाई अब 19 नवंबर को होगी।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार की विशेष कोर्ट में सोमवार को छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले की सुनवाई हुई। पुलिस ने गैंगरेप के आरोपी निशु, पंकज फौजी, मनीष, कोठड़े के मालिक दीनदयाल व डॉ. संजीव को कोर्ट में पेश किया। इसके अलावा जमानत पर चल रहे निक्कू उर्फ नवीन, मंजीत व अभिषेक भी कोर्ट में पेश हुए।
पीड़िता के वकील कर्णसिंह यादव ने बताया कि सोमवार को पीड़िता ने बंद कमरे में आरोपी मनीष, निशु, पंकज फौजी, निक्कु उर्फ नवीन और डॉ. संजीव की पहचान की। पीड़िता ने बताया कि पांचों आरोपी मौके पर मौजूद थे। पीड़िता ने सुबह 10 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक वारदात का सिलसिलेवार तरीके से अदालत के अंदर वारदात को बताया। इस दौरान दूसरे पक्ष के वकील ने पीड़िता और परिजनों से सवाल-जवाब किए। छात्रा के बाद मां और पिता की गवाही हुई। मामले की सुनवाई पूरे दिन बंद कमरे में हुई और लंच ब्रेक भी नहीं हुआ। इस दौरान कोर्ट के बाहर पुलिस के कड़े सुरक्षा इंतजाम रहे।
बता दें कि 12 सितंबर को कनीना में रेवाड़ी की छात्रा से तीन युवकों ने गैंगरेप किया था। एसआईटी ने आठ आरोपियों को अरेस्ट किया था। जिसमें मुख्य आरोपी निशु, पंकज फौजी व मनीष है। इसके अलावा दीनदयाल, डॉ. संजीव, निक्कू उर्फ नवीन, अभिषेक व मंजीत भी आरोपी है। इसमें फौजी नवीन, मंजीत व अभिषेक को जमानत मिल चुकी है। आरोपियों पर कोर्ट ने 31 अक्तूबर को आरोप तय कर दिए थे।