क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नगर निगम की संपत्ति पर कब्जा कर बेचने की शिकायतें रुक नहीं रही हैं। गूलर रोड के बाद अब नगर निगम की भुजपुरा में ड्रेनेज स्कीम के तहत अधिग्रहीत जमीन भूमाफिया द्वारा बेची जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम के राजस्व निरीक्षक द्वारा एक मुकदमा कोतवाली में दर्ज कराया गया है, जिसमें भाजपा के एक पूर्व विधायक के भाई सहित तीन लोगों को नामजद किया गया है।
इस मामले में थाना कोतवाली में राजस्व निरीक्षक राकेश कुमार चाहर की ओर से तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 1955 में कोतवाली क्षेत्र के भुजपुरा में नगर निगम ने ड्रेनेज स्कीम के लिए 84 बीघा जमीन किसानों से अधिग्रहीत की थी।
आरोप है कि इसमें से पांच प्लाट बेचे जा चुके हैं। जिनके बैनामे किए गए हैं, वह पांच सौ गज तक के प्लाट बताए जाते हैं। राजस्व निरीक्षक राकेश कुमार चाहर ने रिपोर्ट में कहा कि कोतवाली क्षेत्र के भुजपुरा में भूमि नगर निगम की ड्रेनेज स्कीम के तहत अधिग्रहीत भूमि है। इस भूमि को जयगंज के कटारी वाली गली निवासी राम अवतार द्वारा अवैध रूप से बेचा जा रहा है। लड़िया अब्बास नगर निवासी मुन्ना खां बैनामा द्वारा संपादन का कार्य किया जा रहा है।
पूर्व भाजपा विधायक सासनी देवकी नंदन कोरी के भाई सरायगढ़ी निवासी हरिपाल सिंह द्वारा बैनामों में गवाही दी गई है। इस आधार पर इन तीनों पर अवैध रूप से सरकारी जमीन बेचने का मुकदमा धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में दर्ज कराया गया है। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव सिरोही ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।