न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नगला दान सहाय में ढाई दर्जन से अधिक मकानों को कुछ लोगाें ने गुरुवार को तोड़ डाला। इसके विरोध में शनिवार को दर्जनों दलित ग्रामीण बसपा नेता हाजी जमीरउल्लाह के साथ डीएम से मिलने पहुंचे।
डीएम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच एसडीएम कोल करेंगे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बसपा नेता हाजी जमीरउल्लाह ने बताया कि नगला दान सहाय के दर्जनों लोग शनिवार को उनके आवास पर मिलने पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना था कि गुरुवार को दबंग लोग जेसीबी लेकर गांव में पहुंचे और उन्होंने ढाई दर्जन से अधिक मकानों को बिना नोटिस दिए तोड डाला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बसपा नेता हाजी जमीरउल्लाह ग्रामीणों को साथ लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने डीएम चंद्र भूषण सिंह से मुलाकात करते हुए ग्रामीणों की पीड़ा बताई।
डीएम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच करने के लिए एसडीएम कोल को नामित किया है। इस दौरान विनोद कुमार, रमेश चंद्र, बिट्टू, प्रदीप कुमार, शिशुपाल सिंह, भूरा, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, र्ध्मेद्र कुमार, हरीशंकर, रामपाल सिंह, हरिज्ञान सिंह, प्रेमपाल सिंह, मुनेश कुमार आदि मौजूद रहे।