क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
खैर थाने में तैनात हैड कांस्टेबिल ने सीओ व इंस्पेक्टर पर तंग करने का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की धमकी देने का खुद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। मगर इस संबंध में सीधे किसी से बात नहीं कर रहा। न स्टाफ के संपर्क में आ रहा।
हैड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह ने वायरल वीडियो में और साथ में एक हस्तलिखित पत्र वायरल करते हुए कहा है कि सीओ खैर व इंस्पेक्टर ने जानबूझकर परेशान करने के इरादे से उसकी गैरहाजिरी का तस्करा जीडी में दर्ज करा दिया है। वह जब सीओ से उनके कार्यालय में ऐतराज जताने गया तो उसे दुत्कार कर भगा दिया। अब इस बात से तंग आकर आत्महतया को मजबूर हो रहा हूं। इसके जिम्मेदार सीओ व इंस्पेक्टर होंगे।
उसने अपने वायरल बयान में यह भी कहा है कि उसे सोफा चौकी से हटाकर डाक कार्य में लगा दिया। सीओ खैर पंकज श्रीवास्तव ने इस संबंध में बताया कि वह लगातार तीसरी बार गैरहाजिर हुआ है। उसे पूर्व में दो बार चेतावनी देकर छोड़ा गया था। अब चूंकि चुनाव में जरूरत थी और वह गैरहाजिर हो गया। उसकी लापरवाही व अनुशासनहीनता के विषय में एसपीदेहात व एसएसपी महोदय को बताने के बाद उसकी गैरहाजिरी दर्ज कर उसे थाने के बजाय लाइन में आमद कराने के निर्देश दिए। इसी बात पर वह बतंगड़ बना रहा है।
वहीं एसएसपी आकाश कुलहरि का कहना है कि उसके विषय में एसपी देहात से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। उसकी लापरवाही पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।