क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के फूल चौराहे पर गुरुवार रात को संघ कार्यवाह के बेटे और उसके दोस्त के साथ मारपीट मामले में सासनी गेट पुलिस ने शुक्रवार को ठेला संचालक राशिद को शांति भंग में पाबंद कर दिया। इधर, थाना पुलिस की पिटाई से घायल हुए संघ कार्यवाह और उनके बेटे को भी उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बता दें कि कोतवाली के मानिक चौक निवासी संघ कार्यवाह श्याम सुंदर गुप्ता का बेटा गौरव अपने मोहल्ले के ही दोस्त आशू पुत्र अनिल के साथ रात करीब 9 बजे स्कूटी से फूल चौराहा शिब्बो कचौड़ी वाले की दुकान के पास गया था। जहां एक ढकेल वाले से स्कूटी टकराने के विवाद पर ढकेल संचालक व उसके समर्थकों ने मारपीट कर दी।
आरोप है कि इस दौरान गौरव की जंजीर लूट ली। सूचना पर आई सासनी गेट पुलिस गौरव, आशू व ढकेल वाले को पकड़कर थाने ले गई। बेेटे को थाने से छुड़ाने पहुंचे संघ कार्यवाह और उनके दो बेटों के साथ सासनी गेट पुलिस के स्टाफ ने मारपीट कर दी थी। इससे थाने में भाजपाइयों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया था। एसएसपी सहित अन्य आलाधिकारियों को मौके पर पहु्ंच मामले को सुलझाना पड़ा था। इसमें दो दरोगा सहित तीन सिपाहियों को एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।