क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
थाना दादों के गांव राजमऊ निवासी ऊषा देवी पत्नी छोटेलाल ने शनिवार को थाना दिवस में चकरोड पर कब्जा करने की शिकायत दी। शिकायत में उन्होंने कहा कि उनके खेत के लिये जाने वाले चकरोड पर गांव के ही दबंगों ने कब्जा कर रखा है।
थाना दिवस में शिकायत करने के बाद ऊषा देवी को घर पहुंचते ही दबंगों ने घेर लिया और लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। बचाने आई अवनेश देवी पत्नी राजेश, सर्वेश देवी पत्नी हरपाल, स्नेहलता व पूजा पुत्री विजय सिंह, उर्मिला देवी पत्नी विजय सिंह, रामबेटी पत्नी कल्लू सिंह को भी दबंगों ने बुरी तरह पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायल महिलाओं को छर्रा के सरकारी अस्पताल इलाज के लिये भेजा है। एसओ नरेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी थाने में घायलों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।